मेले की सड़कें हुईं तैयार, गंगा घाट में बैरिकेडिंग होना बाकी
बिजनौर। गंगा किनारे लगने वाले मेले की सड़कें तैयार हो चुकी है। बुधवार को मेला तक जाने वाली वीआईपी सड़क को भी चालू कर दिया गया। स्नान घाट तैयार कर लिया गया है, हालांकि अभी गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग होना बाकी रह गया है। पथ प्रकाश व्यवस्था और बिजली आपूर्ति के लिए भी टेस्टिंग भी कर ली गई।
पांच नवंबर को विदुरकुटी के पास गंगा किनारे लगने वाले मेले का उद्घाटन किया जाएगा। मेला आयोजन को लेकर पिछले दस दिनों से तैयारी चल रही है। बता दें कि जिला पंचायत की ओर से मेल में तमाम व्यवस्था की जाती हैं। इस बार 12 लाख वर्ग फुट में मेला लगने जा रहा है। संभावित भीड़ को देखते हुए इस बार मेले का दायरा बढ़ाया गया है।
मेले को सेक्टर में विभाजित करते हुए मार्ग बनाए गए हैं। बुधवार को विदुर कुटी से मेला स्थल तक पहुंचने के लिए वीआईपी मार्ग को तैयार करते हुए खोल दिया गया, जबकि मुख्य मार्ग पहले हही तैयार किया जा चुका है।
बुधवार को गंगा स्नान घाट बनाने का काम चलता रहा। गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए आज बृहस्पतिवार को बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह के सुझाव पर मेले के अंदर ही एक वीआईपी पार्किंग के लिए जगह का चुनाव किया। मेले में वीआईपी पार्किंग के अलावा एक और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेले में पथ प्रकाश व्यवस्था की भी टेस्टिंग की गई।
मेले में इस बार दंगल भी होगा
जिला पंचायत के अधिकारी इस बार मेले में कुश्ती प्रतियोगिता कराने की भी तैयारी कर रहे हैं। जिसके लिए कुश्ती संघ से संपर्क साधा जा रहा है। बता दें कि कुश्ती दशकों से समाज में लोकप्रिय रही है। मेलों में अक्सर दंगल का आयोजन होता रहा है।
हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की नजर
मेले में सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता बनाने के लिए पीएसी के साथ साथ पुलिस फोर्स की तैनाती रहेगी। वहीं शराब पीकर हुडदंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। यातायात पुलिस की ओर से शराब के नशे में मेले में पहुंचने वालों के चालान काटे जाएंगे।
--------
वर्जन...
मेले के वीआईपी मार्ग को तैयार करते हुए खोल दिया गया है। स्नान घाट बनाने का काम लगभग अंतिम चरण में हैं। पथ प्रकाश व्यवस्था की टेस्टिंग कराई गई है। मेले में एक और पार्किंग के लिए जगह चिह्नित की गई है।
- श्याम बहादुर शर्मा, एएमए
बिजनौर में विदुर कुटी के सामने लगने वाले गंगा स्नान मेले में बनाया गया गंगा घाट।- फोटो : BIJNOR