चंदक के गांव फतेहपुर सभाचंद में कटान करती गंगा। संवाद
चंदक। पिछले कई दिनों से गंगा का जल स्तर कम होने के बाद गंगा के पानी ने किनारों को भारी क्षति पहुंचाई है। गंगा किनारे बसे गांवों के सामने पानी मिट्टी कटान करते हुए गांवों की ओर बढ़ रहा है। गांव फतेहपुर सभाचंद में बचे हुए आशियाने कटान की जद में आ रहे हैं।
2013 में गंगा खादर का गांव फतेहपुर सभाचद मिटटी कटान के चलते गंगा में समा गया था। गांव में कुछ आशियाने शेष बचे थे। अब प्रशासन की उदासीनता के चलते बचे हुए घर पिछले कुछ दिनो से गंगा के निशाने पर है। गंगा लगातार कटान करते हुए घरों की ओर बढ़ रही है। एक सप्ताह पहले कुछ लोगों के झोपड़ीनुमा घर गंगा में समा गए। जिसकी खबर प्रकाशित होने पर जिला प्रशासन ने कटान की रोकथाम के लिए कदम उठाए। ग्रामीण राम किशन ने बताया के कटान रोकने के प्रयास के नाम पर मात्र कुछ बोरों में मिट्टी भरकर तट पर लगाया, जो अगले दिन ही गंगा में समा गए।