नांगलसोती-गांव गौसपुर के निकट बढ़ा गंगा का जलस्तर। स्रोत-ग्रामीण
कालागढ़ (बिजनौर)। पहाड़ों पर हो रही बारिश के पानी से कालागढ़, दिल्ली और हरिद्वार के बैराज पानी से लबालब हैं। कालागढ़ से सिंचाई विभाग की टीम दिल्ली के बैराजों का निरीक्षण करने के लिए गई है।
कालागढ़ से हरिद्वार व दिल्ली तक के बैराजों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कालागढ़ के केंद्रीय भंडार खंड के ईई मनोज गौड़ ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली के ओखला बैराज के तेजवाला से 2 लाख सात हजार 11, नई दिल्ली के ओखला बैराज से 61 हजार 968, गाजियाबाद के हिंडन बैराज से 5 हजार 254, हरिद्वार के भीमगौड़ा से 1 लाख 68 हजार 165 क्यूसेक पानी की निकासी हुई। कालागढ़ के अफजलगढ़ बैराज का निरीक्षण किया जा चुका है। हरेवली बैराज से सुबह लगभग सात हजार क्यूसेक और शेरकोट में खो बैराज से नौ हजार क्यूसेक पानी बहा। कालागढ़ के बांध का जलस्तर भी 358 मीटर को पार कर गया है। बांधों के गेट सही काम कर रहे हैं।
बढ़ाई जा सकती है कालागढ़ बांध से जल निकासी
कालागढ़ में मंगलवार को दिन में 50 मिमी वर्षा हुई। बांध का जलस्तर 358.450 मीटर दर्ज किया गया। रामगंगा बांध के अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार झा ने बताया कि बांध के जलाशय में लगभग 17000 क्यूसेक पानी आ रहा है। सोमवार को सुबह 357.810 मीटर था। बांध में पानी की मात्रा बढ़ रही है। विभागीय अधिकारियों से हर स्थिति से निपटने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। अपरिहार्य स्थिति में बांध से पानी की निकासी बढ़ाई जा सकती है।