कासमपुरगढ़ी में बारात निर्धारित समय से करीब 45 मिनट विलंब से पहुंचने पर बिरादरी सुधार कमेटी ने दूल्हे पक्ष पर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया है। जुर्माना भरने के बाद विवाह की सारी रस्में संपन्न हुई।
ग्राम पुक्खेवाला की अंसारी बिरादरी ने बिरादरी में सुधार लाने के लिए सुधार कमेटी गठित कर रखी है, जिसके अनुसार गांव में बाहर से आने वाली बारात का दुल्हन के घर दिन की बारात में एक बजे दोपहर पहुंचना अनिवार्य है। इसी कड़ी में ग्राम पुक्खेवाला निवासी अकबर अली की पुत्री गुलिस्तां की बारात ग्राम शहजादपुर से एक बजे पहुंचनी थी। हालांकि बुधवार को यह बारात अपने निर्धारित समय से करीब 45 मिनट विलंब से लेट पहुंची। इस पर बिरादरी के सदर इस्लामुद्दीन व कमेटी के अन्य सदस्य शहरयार चौधरी, याकूब, उस्मान आदि ने एतराज जताया। इस मामले को लेकर दूल्हे पक्ष व कमेटी के लोगों में तीखी नोकझोंक भी हुई। सदर इस्लामुद्दीन ने बताया कि दूल्हा अफजाल की बारात लेट पहुंचने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। दूल्हे पक्ष द्वारा जुर्माना देने के बाद ही शादी की सारी रस्में पूरी हुई।