खराब मौसम की वजह से उड़ान नहीं भर पाया विमान
बिजनौर। भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी और मजदूर लेह में मौसम खराब होने के चलते बृहस्पतिवार को वहां से नहीं निकल पाए। ऐश्वर्य चौधरी ने मजदूरों के लिए स्पाइस जेट बुक कराया है। लेकिन खराब मौसम के चलते विमान उड़ान नहीं भर सका। मौसम ने साथ दिया तो ऐश्वर्य चौधरी मजदूरों को लेकर अब शुक्रवार को आएंगे।
रावली के 26 मजदूरों को देहरादून का एक ठेकेदार जम्मू में अच्छी मजदूरी दिलाने के नाम पर कारगिल से भी 150 किलोमीटर ऊपर रारू गांव के पास छोड़कर फरार हो गया था। वहां मजूदरों को खाने पीने की व्यवस्था नहीं थी और सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। मजदूरों के परिजनों ने मामले की जानकारी भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी और उनके पति ऐश्वर्य चौधरी को दी थी। जिसके बाद ऐश्वर्य चौधरी स्वयं मौके पर पहुंचे और मजदूरों को एक टूर एंड ट्रैवल कंपनी के जरिये लेह लेकर आए थे। बुधवार को लेह पहुंचे श्रमिकों का वहां उपचार कराया और एक होटल में ठहराया। खुद भी वे उनके साथ होटल में ही रुके।
ऐश्वर्य चौधरी ने मजदूरों को लेह से लाने के लिए स्पाइस जेट विमान बुक कराया है। यह विमान लेह से ही उड़ान भरकर बृहस्पतिवार को दिल्ली उतरता, लेकिन खराब मौसम के चलते विमान उड़ान ही नहीं भर पाया। जिसके कारण सभी मजदूर ऐश्वर्य चौधरी के साथ होटल में ही ठहरे हुए हैं। मौसम साफ रहा तो शुक्रवार को वे लेह से उड़ान भरकर दिल्ली पहुंचेंगे और वहां से बस से बिजनौर आएंगे। विधायक सुचि मौसम चौधरी ने बताया कि उनका पति से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया है। वे गांव वालों के साथ लेह में ही हैं। सभी लोगों का उनके पति ध्यान रखे हुए हैं और वे उन्हें सकुशल घर लेकर आएंगे।