नूरपुर (बिजनौर)। नूरपुर पुलिस ने मोहित हत्याकांड में आरोपी भाई विनेश को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। उधर, गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शादी के लिए लड़की देखने के लिए मोहित दो दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया। हर कोई यहीं कहता नजर आया, जिस भाई को बचपन में गोद में खिलाया, उसी को मौत की नींद सुला दिया।
रविवार की देर शाम थाना गांव धौलागढ़ में मोहित सैनी अपने बड़े भाई विनेश से खाना बनाने के लिए गैस सिलिंडर मांगने गया, इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। आपसी विवाद में लाठी डंडे चले, जिसके बाद विनेश ने चाकू से गोदकर मोहित की हत्या कर दी। बताया गया कि मोहित शिमला में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था, जोकि दो दिन पहले ही शादी के सिलसिले में घर आया था।
परिजनों का कहना है कि मोहित की शादी की बातचीत चल रही थी, सोमवार को उसे शादी के लिए लड़की देखने जाना था, लेकिन होनी को कुछ ओर ही मंजूर था। घर में रखा गैस सिलिंडर व परिवार में मकान को लेकर हुआ विवाद अब मोहित के लिए कोई मायने नहीं रखता।
मृतक के भाई पिंटू की तहरीर पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी विनेश पुत्र रामपाल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।