बिजनौर में फोरलेन हाइवे के निर्माणाधीन अंडरपास का गिरा स्लैब। संवाद
बिजनौर। स्लैब गिर जाने के बाद निर्माण करने वाली कंपनी के अधिकारी दोपहर तक पर्दे दारी में लगे रहे। इन्होंने प्रशासन को भी गुमराह करने का प्रयास किया। दरअसल पहले किसी के भी घायल होने से इनकार करते रहे, बाद में प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे तो मजदूरों के भर्ती होने की जानकारी मिल सकी।
सोमवार की तड़के ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे, जिन्हें वहां पर मौजूद कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण में खामी रह गई थी, जिसके चलते खुद इसे गिराया है। लोगों को आशंका थी कि इसके मलबे में कोई दबा हो सकता है या घायल है। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर को भी यह ही बताया गया कि कोई घायल नहीं है। बाद में एसडीएम अस्पताल पहुंचे तो पोल खुल गई। उधर मौके पर ग्रामीणों ने हंगामा भी किया, जिनका कहना था कि निर्माण में घटिया सामग्री लगाई जा रही है।
हाईवे का निर्माण शुरू से लेकर ही विवादों के लपेटे में रहा है। कुछ महीना पहले गंगा से रेत निकालकर सड़क का आधार तैयार करने के लिए मिट्टी की जगह इस्तेमाल किया गया था। जिसके बाद प्रशासन ने जुर्माना भी लगाया।