बिजनौर में राष्ट्रंीय स्वास्थ्य मिशन में हुए घोटाले के बाद लेखाधिकारी ने कंडीशनल इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा है कि इस घोटाले में पुलिस को दी तहरीर में उनका नाम बेवजह दे दिया गया है।
एनएचएम में हुए करीब तीन करोड़ 11 लाख के घोटाले के बाद डीपीएम (जिला कार्यक्रम प्रबंधक कार्यालय) के लेखाधिकारी बृजमोहन ने अपना इस्तीफा मिशन निदेशक लखनऊ में दे दिया है। लेखाधिकारी का कहना है कि यह घोटाला उनके चार्ज लेने से पहले का है उनका इससे कोई लेनादेना नहीं है। पुलिस को दी तहरीर में उनका नाम बेवजह ही दे दिया गया है। उनका कहना है कि या तो उनका स्थानांतरण कर दिया जाए या फिर उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया जाए। इसके चलते उनको मानसिक पीड़ा से जूझना पड़ रहा है। उनके स्थान पर पूर्व लेखाधिकारी पंकज से पूछताछ होनी चाहिए, जो उस वक्त कार्यालय में तैनात थे। पूर्व लेखाधिकारी को मिशन निदेशक की टीम ने तलब भी किया था, लेकिन वह नहीं आए।