विश्व एड्स दिवस पर विशेष
- मेडिकल अस्पताल के एआरटी सेंटर में चल रहा करीब 1200 एड्स रोगियों का इलाज
- दवाइयों से की जा सकती है एड्स की रोकथाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। विश्व एड्स दिवस आज मनाया जा रहा है। एड्स एक गंभीर बीमारी है, जिससे केवल सावधानी बरतने से ही बचाव संभव है। मेडिकल अस्पताल में एआरटी केंद्र पर एड्स से ग्रसित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में यहां करीब 1200 एड्स संक्रमित मरीजों का इलाज हो रहा है। ये मरीज बिजनौर में नहीं, बल्कि दूसरे जिलों से भी रेफर होकर एआरटी केंद्र पर आए हैं।
एचआईवी संक्रमित व्यक्ति से ही स्वस्थ व्यक्ति को होता है। यह वायरस शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता नष्ट कर देता है, जिससे दूसरी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। एचआईवी ही आगे चलकर एड्स (एक्वायर्ड इम्युनो डेफिसिएंसी सिंड्रोम) का रूप ले लेता है। इसलिए बीमारियों की रोकथाम के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होना जरूरी है। एड्स के मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर करने के लिए ही उन्हें दवाई दी जाती है।
एड्स होने के कारण
- असुरक्षित यौन संबंध बनाना
- संक्रमित व्यक्ति के रक्त के माध्यम से
- गर्भावस्था, प्रसव, या स्तनपान के दौरान संक्रमित मां से बच्चे को
- संक्रमित व्यक्ति के टैटू बनाने के बाद उसी सुई से दूसरे व्यक्ति के टैटू बनाना
एड्स के लक्षण
-गले या बगल में सूजन भरी गिल्टियों होना
-बुखार आना
-दस्त और खांसी होना
-तेजी से वजन कम होना
-बीमारियों का ठीक नहीं होना
ऐसे करें एड्स से बचाव
-संक्रमित महिला का बच्चे को दूध नहीं पिलाएं
-कंडोम का प्रयोग करें
-संक्रमित व्यक्ति का रक्त नहीं लें
-खानपान का ध्यान रखें
-चिकित्सक परामर्श के बाद समय से इलाज शुरू करें
एड्स दिवस पर कार्यक्रम के लिए नहीं मिला बजट
नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि इस शासन की ओर से विश्व एड्स दिवस पर कार्यक्रम करने की कोई गाइडलाइन नहीं आई है। न ही शासन से कोई बजट भेजा गया है। अपने स्तर से ही लोगों को एड्स के बारे में जागरूक किया जाएगा। जागरूक होकर एड्स से बचाव करें।
लोग जागरूक होकर एड्स के कारकों को जानें। सावधानी बरतने पर एड्स से बचाव संभव हैं। लक्षण दिखाई देने पर जांच कराएं। इसके बाद तुरंत ही मेडिकल अस्पताल पहुंचकर जल्द ही अपना इलाज शुरू कराएं। इससे संक्रमित की उम्र करीब 25 साल तक बढ़ जाती है। - डॉ. कौशलेंद्र सिंह, सीएमओ, बिजनौर