शेरकोट। मोहल्ला फतेहनगर निवासी विशाल (18) पुत्र टोली प्रजापति की तबीयत बिगड़ने से मंगलवार देर रात मौत हो गई। जवान बेटे की मौत का सदमा मां कविता सहन नहीं कर सकी। कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। इस हृदय विदारक घटना से मोहल्ले में गम का माहौल है।
मोहल्लेवासी संजय कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात उनके भतीजे विशाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलने पर मां कविता गहरे सदमे में चली गई। पुत्र वियोग में उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे चिकित्सक के यहां ले जा रहे थे कि कविता ने भी दम तोड़ दिया। एक ही रात में मां- बेटे की मौत से परिजनों और मोहल्लेवासियों में शोक व्याप्त हो गया।
विशाल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। बुधवार को घर के आंगन से मां- बेटे की अर्थी एक साथ उठी। गमगीन माहौल के बीच मां-बेटे के शवों का अंतिम संस्कार खो बैराज स्थित श्मशान घाट पर कर दिया गया। दोनों की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। घटना के बाद लोगों ने मृतकों के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।