बिजनौर के इंद्रा बाल भवन मे आयोजित कार्यक्रम मे उपस्थित ग्राम प्रहरी श्रोत पुलिस
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ऑनलाइन प्रसारण पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों को दिखाया गया। एसपी ने चोरी की घटना के बाद आरोपियों को पकड़वाने में मदद करने वाले ग्राम प्रहरी राजेश सिंह सैनी को बेस्ट प्रहरी सम्मान से सम्मानित किया। वहीं मानदेय में एक हजार की बढ़ोतरी पर सभी प्रहरियों ने खुशी जाहिर की।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसपी केके बिश्नोई ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांव गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों एवं महत्वपूर्ण घटनाओं की सूचना पुलिस तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं, जो सबसे अहम कड़ी है।
एसपी ने बताया कि नवंबर 2022 में रात करीब 10 बजे ग्राम घुड़ियापुर में जाटान चौकी से लगभग 300 मीटर दूर खेत में लगे ट्यूबवेल पर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। ड्यूटी के दौरान चौकीदार राजेश सिंह सैनी ने ट्यूबवेल से दरवाजा उखाड़ने की आवाज सुनी। इसके बाद लोगों को एकत्र किया और सभी ट्यूबवेल की ओर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने गन्ने के खेत को चारों ओर से घेर लिया और तलाशी शुरू कर दी। खेत से निकलकर जंगल की ओर भागने का प्रयास कर रहे संदिग्ध को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। इस घटना में चौकीदार की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था। इसके साथ ही अन्य ग्राम प्रहरियों को भी सम्मानित किया गया।