सहकारी समिति कर्मचारियों से 10.78 लाख रुपये लूटकर बदमाश फरार
बिजनौर। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में सोमवार दोपहर दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने सहकारी समिति कर्मचारियों की आंखों में मिर्च झोंककर 10.78 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी की लेकिन वह हाथ नहीं आए। पुलिस कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव बेगमपुरशादी उर्फ रामपुर किसान सेवा सहकारी समिति के कर्मचारी गोपाल और राजकुमारी सोमवार को बाइक से सहकारी समिति में आई राशि को कोतवाली देहात के बैंक में जमा करने जा रहे थे। रामपुर अकबराबाद मार्ग पर नहर के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया, इस दौरान एक बदमाश ने गोपाल की आंखों में मिर्च झोंक दी और गोपाल से रुपये से भरा बैग छीनकर अकबराबाद की ओर फरार हो गए। दोनों कर्मचारियों ने शोर मचाया पर कोई उनकी मदद को नहीं आया। एसपी देहात संजय कुमार, सीओ सुमित शुक्ला, कोतवाली देहात के अलावा किरतपुर, नजीबाबाद थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गोपाल ने बताया कि उनके बैग में दस लाख 78 हजार रुपये थे। एसपी डा.धर्मवीर सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं।
पुलिस का सायरन सुन भागे युवकों को दबोचा
कोतवाली देहात (बिजनौर)। कोतवाली देहात क्षेत्र में सहकारी समिति के कर्मचारियों से लूट करने वाले बदमाश पहले से ही नहर पर घात लगाए बैठे थे। बदमाशों को पहले से मालूम था कि कर्मचारी रकम लेकर आ रहे हैं। पुलिस इस घटना में लूटपाट के शिकार कर्मचारियों के अलावा दो संदिग्ध युवकों से भी पूछताछ करने में जुटी है। ये संदिग्ध पुलिस की गाड़ी का सायरन बजते ही भाग खड़े हुए थे।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव बेगमपुरशादी उर्फ रामपुर किसान सेवा सहकारी समिति के कर्मचारी गोपाल व राजकुमारी से नहर के पुल के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने दस लाख 78 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। गोपाल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर इस घटना को अंजाम दिया। ग्रामीणों के मुताबिक लूटपाट करने वाले बदमाशों को पहले से ही मालूम था कि बैंक में रुपये जमा करने के लिए कर्मचारी नहर के रास्ते से ही आएंगे। इसलिए बदमाश पहले से ही वहां घात लगाए बैठे थे। कर्मचारियों की बाइक आते ही बदमाशों ने ओवरटेक करके गोपाल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर बाइक को रोक लिया।
हालांकि पुलिस अभी तक इस घटना को संदिग्ध मान रही है और दोनों कर्मचारियों से पूछताछ करने में जुटी है। नहर के पास पुलिस के सायरन की आवाज सुनकर भाग रहे दो युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इन युवकों से पुलिस पूछताछ में जुटी है। इसके अलावा कई और युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के अनुसार कई थानों की पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम भी घटना के खुलासे के लिए लगाई गई है। जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा करेगी।