बिजनौर के गांव भगैन में तीन लोगों की मौत
बिजनौर। गांव भागैन में दो दिन के भीतर तीन लोगों की संदिग्ध हालत में मौत से हड़कंप मच गया है। गांव में शराब पीने से मौत होने की चर्चा पर डीएम उमेश मिश्रा व एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव का दौरा किया। दो लोगों का पहले ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था, एक मृतक राजू के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में मौत की वजह हार्ट अटैक से होना बताया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव भागैन में शनिवार रात 47 वर्षीय विपिन की उल्टी आने के बाद मौत हो गई। रविवार रात 52 वर्षीय प्रदीप का ब्लड प्रेशर बढ़ गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी भी वहां मौत हो गई। सोमवार सुबह गांव के 45 वर्षीय राजू की भी मौत हो गई। दो दिन में गांव में तीन लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान मोनवीर सिंह ने बताया कि तीनों की मौत सामान्य हुई है। इन्होंने दो दिन से शराब का सेवन नहीं किया था। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के अनुसार गांव में सामान्य मौत हुई हैं। फिर भी इसकी जांच कराई जा रही है।