नजीबाबाद में जीएसटी टीम की कार्रवाई की अफवाह से एकत्र हुए व्यापारी।
- फोटो : NAZIBABAD
जीएसटी टीम के आने की खबर से बंद हुआ बाजार
नजीबाबाद। नगर के बाजार कल्लूगंज क्षेत्र में जीएसटी टीम के पहुंचने की अफवाह पर व्यापारियों ने दुकानों के शटर बंद कर दिए। कारोबारियों में जीएसटी की कार्रवाई का खौफ है। शुक्रवार को सामान्य रूप से बाजार खुला। बाजार खुलने के एक घंटा बाद अचानक जीएसटी टीम के चेकिंग करने की अफवाह फैली। जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर विनय शुक्ल ने शुक्रवार को बताया कि शासन के निर्देश पर जीएसटी के दायरे में आने वाले कारोबारियों को पंजीकरण कराने और कारोबार का ब्योरा रखने के लिए जागरूकता और सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। ज्वाइंट कमिश्नर एके सिंह के नेतृत्व गठित टीमों द्वारा सामान्य सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से निर्भीक होकर कारोबार करने और अपना पंजीकरण कराने की सलाह दी। व्यापारी नेता शिवकुमार माहेश्वरी ने कारोबारियों से अफवाहों से बचने, निर्भीक होकर कारोबार करने की सलाह दी।
वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश गर्ग ने कहा कि जीएसटी में पंजीकरण कराने वाले कारोबारियों को किसी भी निरीक्षण से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जीएसटी के अंतर्गत व्यापारियों से अपना पंजीकरण कराने की सलाह दी। जीएसटी टीम के अफवाह के चलते नजीबाबाद के मुख्य बाजारों में अधिकांश दुकानों के शटर देर शाम तक गिरे रहे। यहां तक की मेडिकल स्टोर स्वामी, सैलून, पान आदि विक्रेता भी अपने प्रतिष्ठान बंद कर चले गए।
जीएसटी के एसी वीके शुक्ला के अनुसार जीएसटी के दायरे में 20 लाख रुपये वार्षिक से अधिक के कारोबारी आते हैं, जबकि माल बिक्री आदि के कारोबारी 40 लाख रुपये से अधिक आय होने पर जीएसटी के दायरे में लिए गए हैं।