नगीना (बिजनौर)। व्यापारी के घर की रसोई में गिलास में पेशाब कर बर्तनों पर छिड़कने वाली महिला को पुलिस ने शुक्रवार को फिर से थाने बुलाकर पूछताछ की। महिला ने सिर्फ इतना कहा कि उसका दिमाग खराब हो गया था।
बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक व्यापारी के यहां घरेलू नौकरानी रसोई में बर्तन धोने के दौरान गिलास में पेशाब करके उसे बर्तनों पर छिड़कते हुए दिखाई दे रही है। पुलिस ने महिला का शांतिभंग में चालान कर दिया था। इस मामले में व्यापारी ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई। महिला को एसडीएम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पुलिस ने एक बार फिर इस घिनौनी हरकत पर आरोपी महिला को थाने बुलवाया।
सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि महिला से काफी देर तक पूछताछ की गई, लेकिन उसने घटना की पीछे की कोई भी हकीकत नहीं बताई। उसने सिर्फ इतना कहा कि वह पिछले कई वर्षों से व्यापारी के यहां काम कर रही थी, उसे नहीं पता कि उसका दिमाग कैसे खराब हो गया कि उसने ऐसा कार्य कर दिया।