चार दिन से गुल है पोस्टमार्टम हाउस की बत्ती
बिजनौर। पिछले चार दिन से पोस्टमार्टम हाउस की बत्ती गुल है। इस कारण वहां पर काम करने वाले कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मियों ने उच्चाधिकारियों से विद्युत आपूर्ति कराने की मांग की है।
भीषण गर्मी से हर किसी का जीना मुहाल हो गया है। इसी के बीच पिछले चार दिन से पोस्टमार्टम हाउस पर बिजली गुल है। ऐसे में वहां पर न तो डीप फ्रीजर ही चल पा रहे हैं और न ही पंखे चल पा रहे हैं। ऐसे में वहां पर काम करने वाले कर्मचारी गर्मी से बेहाल हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर रोजाना शवों का पोस्टमार्टम किया जाता है। इस दौरान ड्यूटी पर चिकित्सक के अलावा अन्य स्टाफ मौजूद रहता है।
मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात से पोस्टमार्टम ड्यूटी करने आए डा. जितेंद्र कुमार ने इस मामले से उन्होंने जिला अस्पताल के सीएमएस डा. अरुण कुमार पांडेय को भी अवगत कराया। एसीएमओ डा. एसके. निगम ने बताया कि ट्रांसफार्मर में अचानक खराबी आ गई थी। इस कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। बिजली की आपूर्ति सुचारु रूप से शुरू कराने के लिए विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता से बातचीत की गई है। उन्होंने शीघ्र ही समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया है।