धामपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम मोहड़ा में बृहस्पतिवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे ट्रेन से कटे दो दोस्तों का शुक्रवार को गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद मृतक परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं दो युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक है।
बृहस्पतिवार की देर रात मोहड़ा में रेलवे लाइन पार करते समय शिवम (17) पुत्र भूदेव और प्रिंस (18) पुत्र सुनील शर्मा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। दोनों अपने घर में इकलौते पुत्र थे। शिवम ने अभी बारहवीं की परीक्षा पास की थी। जबकि प्रिंस पढ़ाई के साथ जम्मू की प्राइवेट कंपनी में नौकरी भी करता था। शुक्रवार सुबह शेरकोट खो बैराज पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। रक्षाबंधन पर ही घर आया था प्रिंस : ग्रामीणों ने बताया कि मृतक शिवम और प्रिंस के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों आपस में रिश्तेदार भी थे। प्रिंस जम्मू की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। रक्षाबंधन पर घर आया था। परिजनों ने बताया कि एक दो दिन में ही प्रिंस को वापस जम्मू जाना था।
रेलवे लाइन से होकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण : मोहड़ा गांव में रेलवे फाटक के दोनों ओर घनी आबादी है। गांव का पिंडदान स्थल भी रेलवे लाइन के एकदम किनारे स्थित है। गांव में किसी की मृत्यु होने पर लोगों को पिंडदान स्थल तक जाने के लिए लगभग सौ से डेढ़ सौ मीटर दूरी तक रेलवे लाइन से होकर गुजरना पड़ता है।
मृतक शिवम का फाइल फोटो