संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गांव मुंढाल के रहने वाले रोहित ने पत्नी और ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। अब पुलिस रोहित के मोबाइल का लॉक खुलवाने के प्रयास में लगी है, ताकि सुसाइड के लिए मजबूर करने के मजबूत साक्ष्य मिल सकें। उधर, पुलिस ने उसकी पत्नी प्रीति और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी।
हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव मुंढाल में रोहित के घर बुधवार को मातम पसरा रहा। परिवार के लोग और उसकी बहनें पिंकी और रिंकी की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बता दें कि रविवार की रात रोहित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाई और सुसाइड नोट भी लिखा था।
सुसाइड नोट में उसने जिक्र किया कि उसकी पत्नी प्रीति को उसका चेहरा नहीं दिखाया जाए। कहा था कि वह प्रीति, उसकी मां, बहन और उसके भाई आदि की वजह से आत्महत्या कर रहा है। खैर, पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास और सालों समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है, मगर सभी फरार हैं। उधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक रोहित का मोबाइल लॉक है, लॉक को तुड़वाने का प्रयास किया जा रहा है। कॉल डिटेल का रिकॉर्ड भी तलब किया गया है। वहीं, आत्महत्या के लिए मजबूर करने का साक्ष्य जुटाने के प्रयास में पुलिस लगी हुई है।