पिछले डेढ़ साल से अधूरा पड़ा हथाई-बसेड़ा खुर्द स्थित कडूला नदी बढ़ रहा पुल संवाद
धामपुर। हथाई शेख -बसेड़ा खुर्द मार्ग पर आठ महीने से बन रहा कडूला नदी का पुल अधूरा पड़ा हुआ है। कई गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से तैयार किए जाने की मांग की जा चुकी है। क्षेत्र के लोगों ने जल्द ही पुल का निर्माण पूरा कर चालू कराने की मांग की है।
क्षेत्र के गांव बसेड़ा खुर्द, सरकथलमाधो, नंगला, नवादा, हथाई शेख, भटियाना, खुशहालपुर, पाडली मांडू आदि कई गांवों के लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में कडूला नदी में पानी के उफान की वजह से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो जाता था। समस्या का समाधान करने के लिए उन्होंने नदी पर पुल का निर्माण किए जाने की मांग उठाई थी। सरकार की ओर से पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जा रहा है। अप्रैल 2025 में पुल का निर्माण शुरू हुआ, जो अभी तक पूरा नहीं हुआ।
क्षेत्र के फैजान का कहना है कि यह पुल कई गांवों को जोड़ता है। पुल का जल्द निर्माण किया जाना चाहिए। सहदेव का कहना है कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारी आते हैं और जल्द पूर्ण करने का भरोसा देकर चले जाते हैं। क्षेत्र के अनिल कुमार चौधरी बताते हैं कि पुल से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का आना-जाना है। जब अधिकारियों ने पुल का निर्माण अधूरा छोड़ दिया तो ग्रामीणों ने किसी तरह से वैकल्पिक रास्ता तैयार कर चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति शुरू की थी। भाकियू जिला प्रवक्ता चौधरी राजेंद्र सिंह का कहना है कि दो दिन पहले आए जेई ने जल्द काम पूरा होने का भरोसा दिया था।
पानी कम होते ही शुरू होगा निर्माण
अधिशासी अभियंता हेमंत सिंह का कहना है कि नदी में अभी पानी भरा है। काम शुरू करते हैं तो पानी के साथ जमीन से रेत बालू निकालना शुरू हो जाता है, जिस कारण कार्य नहीं हो पा रहा। उन्होंने कहा कि पानी कम होते ही काम को चालू कर दिया जाएगा।