बिजनौर। किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट के घर में चोरी करने के बाद आरोपी ने आभूषण और अन्य सामान महिला मित्र के हवाले कर दिया ताकि उसके शौक पूरे हो सकें। पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा कर दिया है। इनके पास से सोने चांदी के आभूषण और कीमती कपड़े बरामद कर लिए हैं।
सीओ संग्राम सिंह के अनुसार प्रधान मजिस्ट्रेट स्वाति शर्मा ने आवास विकास स्थित आवास में चोरी होने की रिपोर्ट एक जनवरी को दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस पड़ताल में जुटी तो एक सीसीटीवी फुटेज में चोरों का सुराग लगा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की महिला मित्र कीर्ति वर्मा को पकड़ा। उसने पूछताछ में बताया कि उसके दोस्त सोनू शर्मा निवासी कुटिया कॉलोनी ने 29 दिसंबर की रात चोरी करने के बाद सामान उसे लाकर दे दिया। चोरी में मदद करने वाले सोनू के साथी घनश्याम ने भी कुछ सामान अपनी पत्नी रीता के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार कीर्ति ने चोरी का कुछ सामान अपने भाई मनोज वर्मा निवासी शंभा बाजार के पास भी रख दिया।
पुलिस ने अब कीर्ति वर्मा, रीता और मनोज को गिरफ्तार करने के बाद चालान कर दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में शहर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह सोलंकी, एसओजी प्रभारी सचिन मलिक, दरोगा ममता तेवतिया, सुनील कुमार, तेजवीर सिंह आदि शामिल रहे।
आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवर, एलसीडी, 25 हजार रुपये, ट्राली बैग, पर्स, कपड़े और जूते बरामद किए गए। सोनू शर्मा ने उत्तरखंड से बाइक चोरी करने के बाद जज के घर में चोरी को अंजाम दिया। घनश्याम ने चोरी में उसकी मदद की। अब ये दोनों आरोपी सात दिन पहले ही चोरी की बाइक के साथ नजीबाबाद में पकड़े गए थे। बाइक चोरी में दोनों आरोपी इस खुलासे से पहले ही जेल जा चुके हैं। सोनू शर्मा और कीर्ति हत्या के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं।