बिजनौर में निकाय चुनाव की अभी घोषणा नहीं हुई है। चुनाव लड़ने के लिए दावेदारों ने परिसीमन पर आपत्ति दर्ज करानी शुरू कर दी है। मोहल्ला जाटान में चुनावी लाभ के लिए कुछ लोगों ने नए परिसीमन पर आपत्ति दर्ज करा दी है।
इनका लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। इस मामले में एसडीएम से शिकायत करके वालों ने चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। एसडीएम ने नगर पालिका के ईओ को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को मोहल्ला जाटान के लोग एडीएम अनुज सिंह ने मिले। उन्हें दिए प्रार्थना पत्र में उन्होंने कहा कि वे मोहल्ला जाटान बी दो वार्ड संख्या 20 में रहने वाले हैं। कुछ राजनीतिक लोगों ने चुनाव में फायदा उठाने के लिए उन्हें दूसरे वार्ड में करा दिया था।
नए परिसीमन के तहत उनके घरों को फिर से जाटान बी तीन में शामिल कर दिया गया। इसका उन लोगों ने स्वागत किया। उनका कहना है कि कुछ राजनीतिक लोग चुनाव लड़ने के लिए इसमें आपत्ति दर्ज करा रहे है। शासन के आदेश पर उनके वार्ड का जो परिसीमन हुआ है, वह ठीक है। उन्होंने आपत्ति दर्ज कराने वालों की जांच कराने की मांग की।
मोहल्लेवालों ने चेतावनी दी कि उनका वार्ड परिसीमन के आधार पर बी तीन में शामिल नहीं किया गया तो वह चुनाव का बहिष्कार करेंगे। एडीएम से मिलने वालों में सुरेश कुमार, सुनील चौधरी, धर्मपाल सिंह, कुंवर पाल सिंह, उज्जवल, शुभम कश्यप, राजपाल, अरुण कुमार समेत तमाम लेाग शामिल थे।