बिजनौर। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई योजनाएं शुरू की है। इनमें से एक प्लेज योजना (विकास के इंजनों के विकास के लिए नेतृत्व और उद्यमशीलता को बढ़ावा देना) है। इसके तहत उद्यमी अपना निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर सकते हैं। इसके लिए उद्योग विभाग उद्यमियों ने आवेदन मांग रहा है। मगर, अभी तक किसी ने निजी औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने में रुचि नहीं दिखाई है।
उत्तर प्रदेश सरकार प्लेज पार्क योजना शुरू की है। इस योजना के तहत उद्यमी 10 से 50 एकड़ जमीन में निजी औद्योगिक क्षेत्र स्थापित कर सकते हैं। इसके लिए सरकार एमएसएमई इकाइयों को 50 लाख रुपये प्रति एकड़ तक की सहायता एक प्रतिशत ब्याज ऋण पर दे रही है। इसका उद्देश्य औद्योगिक विकास और रोजगार को बढ़ाना है। विकासकर्ता द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, ड्रेनेज जैसी आंतरिक सुविधाएं दी जाएंगी। वहीं उद्यमी को प्लेज पार्क के लिए स्टाप ड्यूटी में भी छूट दी जाएगी। इससे छोटे उद्यमियों को अपना उद्योग शुरू करने के अवसर मिलेंगे।