संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़ापुर। थाना क्षेत्र के ग्राम मदपुरी में चार दिन पूर्व जंगल से काटी गई लकड़ियां पकड़ने पर वनकर्मियों के साथ मारपीट के केस में पुलिस ने दो आरोपियों का चालान किया है। उधर, तीन दिन पूर्व इस मामले में दबिश देने गई पुलिस की आरोपियों के घर तोड़फोड़ व मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
20 जुलाई को साहूवाला वन रेंज के खादर क्षेत्र में रात्रि गश्त पर निकली वन विभाग की टीम के ग्राम मदपुरी में खेर की लकड़ियों से भरी महिंद्रा पिकअप को पकड़ने पर लकड़ी चोरों ने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की नीयत से फायर करने व जबरन लकड़ियों से भरा पकड़ा गया वाहन छुड़ाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए इस मामले में वन रक्षक विकास कुमार की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम मदपुरी निवासी 10 नामजद व 50-60 अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया था।
पुलिस ने घटना से अगले दिन आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके घरों पर दबिश दी थी। पुलिस की इस दबिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें ग्राम मदपुरी निवासी ग्रामीण पुलिस पर रात्रि समय कई घरों में घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ जमकर मारपीट करने व घरों में रखा समान, रसोई व खिड़की में लगे कांच को लाठी-डंडे से तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं।
उधर पुलिस ने इस केस के नामजद आरोपी कृपाल सिंह व रानो कौर उर्फ भजनो कौर का बृहस्पतिवार को चालान किया है। वायरल वीडियो के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार का कहना है कि चार दिन पूर्व के वन विभाग की ओर से दर्ज कराए केस में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने दबिश दी थी उन्होंने मारपीट व तोड़फोड़ जैसे आरोपों को निराधार बताया है।