धामपुर। शुक्रवार को रंग एकादशी के गीले रंग के जुलूस के साथ होली का हुड़दंग शुरू हो जाएगा, जो चार मार्च दुल्हैंडी तक चलेगा। रंग एकादशी समिति के कार्यकर्ताओं की ओर से मंदिर ठाकुरद्वारा बजरिया में पहले भगवान का पूजन होगा और फिर 11.30 बजे से गीले रंग का जुलूस शुरू हो जाएगा। समिति की ओर से सारी तैयारियों को पूरा लिया है।
रंग एकादशी मंदिर ठाकुरद्वारा बजरिया के अध्यक्ष विभु बंसल का कहना है कि धामपुर नगर की होली उत्तरी भारत की वृंदावन, मथुरा, ब्रज और बरसाना की होली के बाद महत्वपूर्ण स्थान रखती है। 1952 से यहां पर मंदिर ठाकुरद्वारा बजरिया से रंग की एकादशी पर गीले रंग का जुलूस निकलता आ रहा है। इसी के साथ होली का हुड़दंग शुरू हो जाता है।
शुक्रवार को 11:30 बजे भगवान की पूजा के बाद फल चौराहे से गीले रंग का जुलूस परंपरागत तरीके से निकलेगा। जुलूस को भव्य,दिव्य बनाने के लिए तीन झांकियां शामिल रहेंगी। ढोल की थाप पर महिला,पुरुष और युवक सभी डीजे पर होली के गीतों पर नृत्य कर कार्यक्रम की आनंद लेंगे। जुलूस परंपरागत मार्ग से होता हुआ मंदिर ठाकुरद्वारा बजरिया पर ही आकर संपन्न होगा। यहां सवेरे आठ बजे से दोपहर के दो बजे तक जमकर रंग चलेगा। कोतवाल मृदुल कुमार सिंह का कहना है कि शुक्रवार को निकलने वाले गीले रंग के जुलूस में करीब 55 से अधिक पुलिसकर्मी, हेडकांस्टेबल, दरोगा शामिल रहेंगे।