हरेवली में साहूवाला रेंज के वनों में लगी भीषण आग।
- फोटो : अमर उजाला
हरेवली। साहूवाला रेंज में लगी आग तीसरे दिन भी धधकती रहीं। आग ने कई किमी परिधि में खड़ी वन संपदा को जलाकर नष्ट कर दिया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनके स्तर से काबू पाने को पूरा प्रयास किया जा रहा है। आग वनों के भीतर लगी है। फायरलेन निकाल कर आग पर काबू पाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
साहूवाला रेंज के वनों में रविवार की देर शाम से आग लगी है। वन विभाग के अधिकारियों की ओर से आग बुझाने को कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे है। शाहनगर कुराली के किसान मंगू सिंह, रमेश सिंह, कृपाल सिंह, सत्यपाल सिंह, सोना सिंह, रामनगर गोसाई के कैलाश सिंह, राजपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, मुकेश कुमार, गोवा सिंह का कहना है कि खेतों में गेहूं की पकी फसल खड़ी है। वन विभाग से वन विभाग को कई बार सूचित किया। लेकिन किसी ने कोई सुध नहीं ली। आरोप है कि वह कई बार वन चौकी पर जाकर अधिकारियों को अवगत करा चुके है। पर आग पर काबू पाने को कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया जा सका है। वनों में लगी आग से वनों से सटे गांव रामनगर गोसाई, टांडा, शाहनगर कुराली के ग्रामीणों में बेचैनी पैदा हो गई है। गजेंद्र सिंह, भूरा सिंह, कल्याण सिंह, किशनपाल सिंह, मलखान सिंह का कहना है कि आग ने उनकी गांवों के जंगलों की ओर से तेजी से रुख कर रखा है। आग उनके खेतों को चपेट में न ले। वह एकजुटता से काबू पाने को खेतों में डेरा डाले है। वनों में सागौन, साल, खैर आदि के वृक्ष जल गए। अब तक करीब दो किमी परिधि के वनों को आग ले चपेट में ले लिया है। रेंगने वाले जीव सांप बिच्छू कीड़े मकोड़े सहित सैकड़ों प्रजाति के जीव जंतु नष्ट हो गए हैं। लोगों का कहना है कि वनों से सटे खेतों में गेहूं की फसल तैयार खड़ी है। ऐसे में किसान भी जंगलों में डेरा डाले हैं। रेंजर वीरेंद्र रावत का कहना है कि टीम को आग पर काबू पाने को निर्देशित किया जा चुका है।