हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद
बिजनौर। हल्दौर पुलिस ने रचित हत्याकांड में पांचवें आरोपी आसिफ आब्दी का चालान कर दिया है। असिफ पर 50 हजार का इनाम था। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने रचित को घर से बुुलाकर लाने वाले उसके दो साथियों से भी पूछताछ की।
पुलिस ने पांचवें आरोपी आसिफ आब्दी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुुक्त तमंचा नगर पंचायत झालू के गेट के पास से बरामद किया है। तमंचे में एक खोखा फंसा हुआ था। आईजी मुरादाबाद रमित शर्मा ने आसिफ पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। आसिफ को उसके ताऊ सलीम आब्दी के घर से पुलिस ने गिरफ्तार किया। मंगलवार को आसिफ को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने गांव रामपुर निवासी जॉनी व एक अन्य युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है। जॉनी ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन एक दोस्त की बर्थडे पार्टी मनाने के लिए वह रचित को घर से बुलाकर लाए थे। रास्ते में नहर पर आठ दोस्त इकट्ठा हो गए। वहां खूब दावत उड़ाई गई। रचित ने नहटौर रोड पर होटल चलाने वाले राशिद से मोबाइल पर खाने का इंतजाम करने को कहा। राशिद ने खाना तैयार करने के लिए समय मांगा। जॉनी रचित को बाइक से साथ लेकर झालू गया। रचित ने राशिद से केक दिलाने को भी कहा। केक भी नहर पर काटना था। राशिद ने जामा मस्जिद की एक दुकान पर रचित को केक लेने भेजा और वहां खुद भी आ गया। जॉनी व रचित केक लेकर छतरी वाले कुएं के पास मोबाइल की दुकान पर बाइक से गए। रचित को वहां से ठीक कराने के लिए दिया मोबाइल लेना था। जॉनी की बाइक से उतरकर रचित जैसे ही मोबाइल लेने पहुंचा तभी उस पर तमंचों से गोलियां बरसा दीं गई। जॉनी वहां से यह देख भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने राशिद से भी काफी देर तक पूछताछ की व उसके बयान लिए। कई और युवकों से भी पूछताछ की गई। सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता के अनुसार इस मामले में अभी पूछताछ की जा रही है।