- दुल्हन के पिता ने थाने में तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर (बिजनौर)। मंगलवार को करीमपुर मुबारक गांव में शादी की खुशियां उस समय मायूसी में बदल गईं, जब बरात निकलने से पहले दूल्हा घर से लापता हो गया। घंटों इंतजार के बाद भी बरात नहीं पहुंची तो वधू पक्ष के होश उड़ गए। बाद में पता चला कि दूल्हा सुबह से ही अपने घर से लापता है।
करीमपुर मुबारक निवासी जयप्रकाश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी चांदपुर क्षेत्र के गांव चेहली निवासी विपिन कुमार पुत्र नरदेव सिंह के साथ तय की थी। मंगलवार को बरात आनी थी, जिसके लिए घर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं थीं। रिश्तेदार और मेहमान भी बड़ी संख्या में पहुंच चुके थे और बरात के स्वागत की तैयारियां चल रहीं थीं।
आरोप है कि काफी देर तक बरात न पहुंचने पर जब दूल्हे के परिजनों और बिचौलिए से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि दूल्हा विपिन मंगलवार सुबह से ही घर से लापता है। यह सुनते ही शादी वाले घर में खुशी का माहौल अचानक चिंता और मायूसी में बदल गया। जयप्रकाश सिंह का आरोप है कि इस घटना से उनके परिवार को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक क्षति हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।