बिजनौर जनपद में हरेवली थाना क्षेत्र के गांव महमदाबाद के एक घर में शादी की तैयारियां उस समय धरी की धरी रह गईं, जब दूल्हा दहेज की मांग पूरी न होने पर बरात लेकर नहीं आया। दूल्हे के पिता ने ऐन वक्त पर दहेज में पांच लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग कर डाली। दुल्हन के पिता ने असमर्थता जताई तो दूल्हे के पिता ने बरात लाने से इंकार कर दिया। दुल्हन पक्ष के रिश्तेदारों ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महमदाबाद निवासी मोहम्मद आबिद ने बताया कि उसकी पुत्री का विवाह अमरोहा थाना क्षेत्र के ग्राम दाऊद सराय निवासी सलमान पुत्र रियासत से तय हुआ। मंगलवार को बरात आनी थी। परिवार के मोहम्मद सत्तार, मुकरम, नसीर, सतीशचंद्र, यासीन, शहनाज, हारुन आदि शादी की तैयारियों में लगे थे। इसी बीच सलमान और उसके पिता रियासत ने दहेज में पांच लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग कर डाली। कहा गया कि यदि लड़की वाले उनकी मांग पूरी कर सकते हैं तो वह बरात लेकर आएंगे, अन्यथा वह अपनी लड़की की शादी कहीं और कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी: मंडप में शादी समारोह में बखेड़ा, दुल्हन ने सात फेरे लेने से किया इनकार