नूरपुर। शादी में ससुरालियों से गिफ्ट में मिली 22 ग्राम वजनी सोने की चेन को नौ सालों तक संभाल कर रखा, अब उसे बाइक सवार बदमाश झपट ले गए। शिक्षिका को इससे गहरा सदमा लगा है और उसने घटना के बाद से खाना तक नहीं खाया। चेन झपटकर ले जाने वाले बदमाश सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोहावर हल्लू निवासी कर्मवीर ने बताया कि उनकी पुत्रवधू वैशाली अपनी छोटी बहन के साथ स्कूटी पर सवार होकर शुक्रवार दोपहर अस्करीपुर स्थित मंडप में जाने के लिए घर से निकली। मंडप में वैशाली की ममेरी बहन का तिलकोत्सव कार्यक्रम था। नूरपुर मुरादाबाद हाईवे पर पहुंची तो दो बाइक सवार पीछे लग गए। बाइक सवार एक बदमाश ने हेलमेट और दूसरे ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। स्पीड ब्रेकर पर स्कूटी की रफ्तार कम होते ही पीछे से आए बदमाशों ने चेन झपट ली और भाग निकले।
कर्मवीर ने बताया कि नौ साल पहले शादी के वक्त पुत्रवधु वैशाली को 22 ग्राम वजन की सोने की चेन गिफ्ट दी थी। हादसे के बाद से ही वैशाली सदमे हैं और घटना के बाद से खाना भी नहीं खाया गया। वैशाली एक पब्लिक स्कूल में शिक्षिका है।