हिजनौर के बरुकी में गांव शाहपुर में बिलाई मिल के क्रय केंद्र पर घटतौली मिलने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुँचे गन्ना समिति सचिव ने कांटे की जांच की तथा कांटे को खराब पाया। इसे ठीक कराया गया।
गांव शाहपुर सैदू में बिलाई मिल का क्रय केंद्र है। रविवार सुबह किसान नितिन कुमार अपनी बुग्गी तुलवाने सेंटर पर पहुंचे। इससे पहले नितिन ने अपनी बुग्गी धर्म कांटे पर तुलवाई थी।
गन्ना सेंटर के कांटे पर जब उन्होंने बुग्गी का तौल कराया तो लगभग पांच प्रतिशत की घटतौली सामनेे आई। सेंटर पर यह पहली ही बुग्गी थी। इस पर किसानों ने हंगामा करते हुए गन्ना समिति सचिव को सूचना दी। तौल क्लर्क छोटे सिंह ने तौल की रसीद निकाल दी थी।
मौके पर पहुंचे सचिव ने कांटे का निरीक्षण किया तथा कांटा खराब बताते हुए तौल रुकवा दी। गन्ना सचिव ने बताया कि क्रय केंद्र पर पहली तौल में ही कम तौल निकलने पर खराब कांटा सही करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इस दौरान ग्राम प्रधान शूरवीर सिंह, विकास कुमार, रामेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, बिन्नी चौधरी, जयप्रकाश सिंह के अलावा क्षेत्र के अन्य कई किसान मौजूद रहे।