नहटौर। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीन दोस्तों की चिता एक साथ जली तो हर आंख नम हो गई। मृतकों के परिवार ही नहीं बल्कि पूरे मोहल्ले में मातम छाया रहा। परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
नगर के मौहल्ला नौधा निवासी रविंद्र (24) पुत्र धर्मवीर, दीपक (23) पुत्र धर्मपाल और मौहल्ला शेखान निवासी ऋतिक (22) पुत्र भोपाल बाइक पर सवार होकर बुधवार की देर शाम हल्दौर से नहटौर अपने घर लौट रहे थे।
उनकी बाइक हल्दौर नहटौर रोड स्थित गांव धींगरपुर के पास खडे सड़क किनारे ओवरलोड गन्ने से लदे खराब ट्रैक्टर ट्राले में घुस गई थी। घटना में तीनों युवकों की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बृहस्पतिवार की शाम तीनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके घर पहुंचने पर नगर में शोक व्याप्त हो गया। कासमपुर लेखराज स्थित श्मशान घाट में तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
वहीं, रविंद्र के पिता धर्मवीर ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर लिया है। घटना के बाद मौके से फरार हुआ ट्रैक्टर ड्राइवर पुलिस की पकड़ से बाहर है।