बिजनौर में गन्ना समिति कार्यालय पर भाकियू की बैठक को संबोधित करते वक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में भारतीय किसान यूनियन की बैठक में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू कराने व फसल बीमा को स्वैच्छिक कराने की मांग को लेकर मार्च के महीने में दिल्ली में आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।
गन्ना समिति कार्यालय के प्रांगण में जिलाध्यक्ष रामअवतार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। वक्ताओं ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को तत्काल लागू कराने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि सभी राजनैतिक दल कभी न कभी सरकारों में रहे हैं, पर किसानों के बारे में नहीं सोचते हैं। वक्ताओं ने राजनैतिक दलों द्वारा घोषणा पत्रों में किए जाने वाले वादों से मुकरने का आरोप भी लगाया। जिलाध्यक्ष रामअवतार सिंह ने कहा कि भाकियू किसानों की समस्याओं का निस्तारण कराने को लेकर लगातार प्रयासरत है। कहा कि रामानाथन आयोग की रिपोर्ट लागू होनी चाहिए। किसानों को फसल बीमा स्वैच्छिक आधार पर होना चाहिए। सर्व सम्मति से तय किया गया कि किसानों की मांगों को लेकर मार्च के महीने में दिल्ली में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि चुनाव में वोट मांगने वाले प्रत्याशियों से यह भी पूछा जाए कि किसानों की समस्याओं पर अमल होगा या नहीं। बैठक में जितेंद्र पहलवान , चेतन चौहान, बीर सिंह डबास, समरपाल सिंह, नीटू सिंह, नरदेव चौधरी, राजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, होशियार सिंह, कल्यान सिंह आदि ने विचार रखे।