स्योहारा के गांव महमूदपुर के जंगल में देखा गया गुलदार।
- फोटो : अमर उजाला
स्योहारा में तीन दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार के देखे जाने से दहशत का माहौल है। दहशत के कारण गांववाले खेतों पर जाने से डरते हैं।
शुक्रवार रात गांव महमूदपुर में एक ट्यूबवेल पर गुलदार देखे जाने से दहशत फैल गई। सड़क से गुजर रहे कुछ वाहन चालकों ने जब गुलदार को बैठे देखा तो ये डर गए। किसी तरह हिम्मत करके उन्होंने पुलिस और वन विभाग को इस की सूचना दी। इसके बाद थानाध्यक्ष एसपी शर्मा तथा वन क्षेत्रीय अधिकारी रामगोपाल सिंह चौहान अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय भी गुलदार ट्यूबवेल के आसपास ही घूम रहा था। वन क्षेत्रीय अधिकारी रामगोपाल सिंह का कहना है कि ये तेंदुआ है। रात होने के कारण कोई आपरेशन नहीं चलाया जा सकता है। सबेरा होने पर अगर ये कहीं दूर नहीं गए तो पिंजरा लगाकर इनको पकड़ कर दूरस्थ जंगल में छोड़ा जाएगा।
इससे तीन दिन पूर्व भी गांव नवादा केशो में एक मादा गुलदार दो बच्चों के साथ दिन के समय में गन्ने के खेतों में देखी गई थी। तीन दिन से क्षेत्र के गांवों के जंगल में घूमने के बाद भी अभी वन विभाग की टीम से ये तेंदुआ प्रजाति के जानवर पकड़े नहीं जा सके हैं। वैसे अभी इन तेंदुओं ने किसी तरह का कोई हमला या नुकसान नहीं किया है लेकिन लगातार इनके जंगल में दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।