बिजनौर। पंचायत चुनाव के चौथे चरण के नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को शुरू हो गई। चौथे चरण में स्योहारा, अल्लैहपुर धामपुर और अफजलगढ़ ब्लॉक के जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भरे नामांकन पत्रों की जांच का काम शुरू हो गया।
प्रत्याशी और उनके समर्थक सुबह आठ बजे से ही कलक्ट्रेट में एकत्र होने शुरू हो गए। कई महिला प्रत्याशी अपने प्रस्तावक के साथ मौके पर मौजूद रहीं। प्रत्याशियों को नामांकन पत्रों के बारे में अंतिम सूचना बृहस्पतिवार को देने की बात कही।
इससे प्रत्याशी एवं उनके समर्थक परेशान रहे। अफजलगढ़ और धामपुर क्षेत्र से पहुंचे कई प्रभावशाली प्रत्याशी इस बात को लेकर परेशान थे कि कहीं उनके नामांकन पत्र रद्द न करा दिए जाएं। इसलिए वे पूरे समय जांच कक्ष के बाहर डेरा डाले रहे।
तीनों ब्लॉक से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 241 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। इनमें अफजलगढ़ और धामपुर में पांच-पांच और स्योहारा में चार पद जिला पंचायत सदस्य के हैं। आज भी पत्रों की जांच होगी। 16 अक्तूबर को नाम वापसी का दिन है।
इसी दिन तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा। इन ब्लॉकों में 29 अक्तूबर को वोट डाले जाएंगे।
कई वार्ड में आपत्ति लगाईं
धामपुर। धामपुर और अफजलगढ़ में नौ और दस अक्तूबर को जमा हुए नामांकन पत्रों की जांच हुई। कई वार्डों से आपत्ति लगाई। एआरओ राजपाल सिंह ने बताया नामांकन पत्रों की जांच हुई। आपत्ति जमा की, लेकिन बुधवार को आपत्तियों का कोई निस्तारण नहीं हो सका है।
15 अक्तूबर को भी दोनों स्थानों पर नामांकन पत्रों की जांच होगी। 16 अक्तूबर को नाम वापसी और इसी दिन दुपहर बाद से चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। अफजलगढ़ में भी नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया हुई।
बीडीसी सदस्यों के पर्चे जांचे
स्योहारा। चौथे चरण में होने वाले क्षेत्र पंचायत के चुनाव के लिए बुधवार को खंड विकास कार्यालय में नामांकन पत्रों की जांच का कार्य किया। प्रथम दृष्टया में सभी 391 नामांकन पत्रों की जांच की। बृहस्पतिवार को भी जांच और नाम वापसी का क्रम जारी रहेगा।