फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मतपेटी में बंद हुआ 869 प्रत्याशियों का भाग्य

Wed, 14 Oct 2015 12:16 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजनौर। पंचायती चुनाव के दूसरे चरण में तीन ब्लॉक में छुटपुट घटनाआें के बाद 64.61 फीसदी मतदान हुआ। बड़ा बवाल ना होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन


दूसरे चरण में मंगलवार को कोतवाली देहात में जिला पंचायत की सात सीटों पर 134 प्रत्याशी और क्षेत्र पंचायत की 177 सीटों पर कुल 735 प्रत्याशी मैदान में थे।

किरतपुर ब्लॉक में जिला पंचायत की चार सीटों पर 45 और क्षेत्र पंचायत की 87 सीटों पर 329 और नजीबाबाद वार्ड के जिला पंचायत के सात सीटों पर 113 और क्षेत्र पंचायत की 170 सीटों पर 643 प्रत्याशी चुनावी जंग में शामिल थे।
विज्ञापन


कोतवाली देहात की दस, किरतपुर की एक और नजीबाबाद की छह क्षेत्र पंचायत सीटों पर एक ही नामांकन होने के कारण इन सीटों पर चुनाव नहीं हुआ।

चुनाव में सबसे अधिक उत्साह किरतपुर ब्लॉक में देखने को मिला। क्षेत्र के आधार पर कोतवाली देहात और नजीबाबाद से छोटा होने के बावजूद किरतपुर के बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ उमड़ी ।यहां प्रत्याशी और उनके समर्थक वोटरों को मतदान के लिए घर से बाहर निकालते देखे गए।

किरतपुर ब्लॉक में 67.57 प्रतिशत, नजीबाबाद ब्लॉक में 63.04 और कोतवाली देहात ब्लॉक में 63.24 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर एक बजे तक तीनों ब्लॉक में 40 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका था, लेकिन शाम को मतदान केंद्रों पर इक्का दुक्का मतदाता ही नजर आया।

चुनाव का समय खत्म होने के बाद पोलिंग पार्टियाें ने शाम मत सुरक्षा के बीच मतपेटिकाओं को जमा कराया।
अपना मत पत्र फाड़ा ः नजीबाबाद। प्राथमिक विद्यालय राजारामपुर राहुखेड़ी पर एक मतदाता ने मतदान करने के बावजूद मत पत्र फाड़ दिये।

उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। पीठासीन अधिकारी ब्रजमोहन के अनुसार मत पत्र को ठीक से फोल्ड करने के लिए कहने पर अचानक राजारामपुर निवासी शाहिद ने जिला पंचायत एवं बीडीसी सदस्य मत पत्र फाड़ दिया। फटे हुए मत पत्रों को अलग से सील किया गया।

सवेरे बारिश से मतदान रहा धीमा
नगीना। सुबह से ही मौसम खराब होने के बाद जमकर वर्षा हुई। इस कारण करीब दो घंटे तक मतदान धीमी गति से चला। वहीं बढ़ापुर में पंचायत सामान्य निर्वाचन के दूसरे चरण में जिला पंचायत और बीडीसी सदस्य का चुनाव कोतवाली ब्लाक के बढ़ापुर क्षेत्र में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र के 13 अति संवेदनशील और एक अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर विशेष नजर रखी गई।

दो गुटों में कहासुनी, पुलिस ने फटकारी लाठी
कोतवाली देहात। विकास खंड कोतवाली के चुनाव अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य की सात सीट और बीडीसी सदस्य की 177 सीट के लिए मंगलवार को छुटपुट घटनाओं को छोड़कर 182 मतदेय स्थल के 392 बूथ पर मतदान हुआ।

इसमें 869 प्रत्याशियों का भविष्य लगभग मतपेटी में बंद हो गया। बीडीसी दस सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। उधर ग्राम महेश्वरी जट में एक वोट को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो गुटों में कहासुनी को लेकर एकत्र हुई भीड़ को भगाने के लिए लाठी फटकारनी पड़ीं।

इसके अलावा डीएम ने क्षेत्र कई बूथों का निरीक्षण किया। अकबराबाद में एसपी ने ड्यूटी कार्ड न होने पर पुलिसकर्मी राहुल कुमार को फटकार लगाई।

दोबारा होगा मतदान
किरतपुर ब्लॉक के मतदान केंद्र बहादरपुर सरफुद्दीन उर्फ हुसैन पर क्षेत्र पंचायत चुनाव के वार्डों की सूची भेजने में गलती होने से इस केंद्र पर दोपहर करीब 12 बजे मतदान रोक दिया गया। मतदान केंद्र के बूथ नंबर 20 पर क्षेत्र पंचायत के दो वार्डों की सूची भेजी जानी थी, लेकिन एक वार्ड की सूची नहीं भेजी गई।

इसका पता चलने पर एसडीएम नजीबाबाद व सीओ मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी मतदान कर्मियों से ली। डीएम विनोद कुमार पंवार ने बताया कि किरतपुर ब्लॉक के मतदान केंद्र बहादरपुर सरफुद्दीन उर्फ हुसैन पर तकनीकी कारणों के कारण पुनर्मतदान होगा। इस बारे में विस्तृत आख्या चुनाव आयोग को भेज दी गई है।

गैरहाजिर कर्मचारियों पर डीएम सख्त
पंचायती चुनाव के दूसरे चरण में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर डीएम ने सख्त रूख अपनाया है। डीपीआरओ (जिला पंचायतराज अधिकारी) मनीष कुमार के मुताबिक उनके कार्यालय के कनिष्ठ लिपिक रामनाथ सिंह को ड्यूटी पर न जाने तथा कोतवाली देहात के सफाई कर्मी प्रमोद कुमार के ड्यूटी से गैर हाजिर मिलने पर निलंबित कर दिया गया है। डीएम के आदेशों के अनुपालन में कोतवाली देहात के ग्राम पंचायत सेक्रेटरी राकेश सैनी को भी निलंबित कर दिया गया है।

बौरेकी में 65 प्रतिशत मतदान हुआ
डीएम द्वारा गोद लिए गए नजीबाबाद विकास खंड के गांव बौरेकी में ग्रामीणों ने जमकर मतदान किया। इस गांव में कर्मचारियों ने चुनाव में भाग लेने को प्रेरित करने के लिए जमकर मीटिंग की थीं। इसका सार्थक परिणाम सामने आया। इस केंद्र पर दोपहर एक बजे तक करीब 65 प्रतिशत मतदान हो चुका था।

मामूली कहासुनी के बीच मतदान संपन्न
नजीबाबाद। ब्लॉक के 131 मतदान केंद्रों पर मामूली कहासुनी के बीच शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। नजीबाबाद ब्लॉक के 131 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 338 मतदान केंद्रों पर जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ।

एसडीएम वीके श्रीवास्तव, सीओ संजय राय, प्रभारी सत्यवीर सिंह तथा क्षेत्रीय थानाध्यक्षों की चौकसी में संपन्न हुए कुछ मतदान केंद्रों पर मामूली कहासुनी हुई। डीएम वीके पंवार, एडीएम प्रशासन राममूर्ति मिश्रा, एसपी सिटी कल्पना सक्सेना ने क्षेत्रीय मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकांश मतदान केंद्रों पर 60 से 65 प्रतिशत मतदान हुआ।
विज्ञापन


मतदान केंद्र पर पहुंची अधूरी सूची, विरोध
नजीबाबाद। प्राथमिक विद्यालय ताहरपुर इश्हाक (गाजीपुर) के मतदान केंद्र पर बूथ संख्या 152 पर लगभग 86 मतदाताओं की सूची उपलब्ध न होने से क्षेत्रीय मतदाताओं सुरेश राणा, देवेंद्र सिंह, बाबूराम, महेंद्र सिंह, महावीर सिंह आदि ने विरोध किया। पीठासीन अधिकारी कमलकांत शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। मतदान शुरू होने के लगभग चार घंटे बाद सूची मतदान केंद्र पर पहुंची, जिस पर ग्रामीण शांत हुए।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें