किसानों ने शुरू किया क्रमिक अनशन
नांगलसोती/नजीबाबाद। उत्तर प्रदेश किसान मजदूर मोर्चा के तत्वावधान में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने किसानों की मांगों को लेकर गांव तिसोतरा में क्रमिक अनशन शुरू किया। रविवार को पांच किसान क्रमिक अनशन पर रहे।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के आईटी सेल जिलाध्यक्ष अचल शर्मा की अध्यक्षता में रविवार को गांव तिसोतरा में बैठक हुई। जिसमें उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश भाजपा की सरकार किसान विरोधी हैं। किसानों पर जबरन कृषि कानूनों को थोपा जा रहा है। उन्होंने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने, एमएसपी गारंटी कानून बनाने, खेती को मनरेगा से जोड़ने, गन्ना मूल्य में वृद्धि करने, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, बिजली बिल की बढ़ती दरों को कम करने आदि मांगों को लेकर पांच किसान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक क्रमिक अनशन पर रहेंगे। रविवार को गांव तिसोतरा में ज्ञान सिंह, भजन सिंह, रामलाल सिंह, गंगाराम सिंह, चंद्रपाल सिंह क्रमिक अनशन पर रहे। बैठक में ब्लॉक आईटी सेल अध्यक्ष संदीप कुमार, मिथुन कुमार, मास्टर इमरत सिंह, मास्टर तेजराम सिंह, बाबा हरवंश, अवनीश कुमार, बृजपाल सिंह, भरत सिंह, हर्षित आदि मौजूद रहे।