किसानों ने गुनियापुर चौराहे पर किया धरना-प्रदर्शन
नजीबाबाद। नेशनल हाईवे पर गड्ढे और क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल न होने को लेकर आखिरकार किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भाकियू के नेतृत्व में किसानों ने गुनियापुर चौराहे पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर जेसीबी भेजकर खस्ताहाल हाईवे को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।
भाकियू नेता बाबूराम तोमर, युवा मंडल अध्यक्ष चौ.राजेंद्र सिंह, होशियार सिंह, राजेश सिंह, धर्मपाल के नेतृत्व क्षेत्रीय किसान गुनियापुर चौराहे पर एकत्र हुए। नजीबाबाद-कोतवाली नेशनल हाईवे खस्ताहाल मार्ग, धूल युक्त वातावरण और क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों के संचालन न होने सहित कई समस्याओं को लेकर भाकियू ने पूर्व निर्धारित घोषणा के तहत गुनियापुर चौराहे पर चौ.चंद्रपाल सिंह की अध्यक्षता में धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। बाबूराम तोमर ने कहा कि उनकी समस्याओं गंभीरता से नहीं लिया जाता तो प्रदर्शनकारी हाईवे जाम करने को विवश होंगे। प्रदर्शनकारी के धरना-प्रदर्शन को देखते हुए राजमार्ग निर्माण प्रबंधक प्रेम सागर पांडेय, तहसीलदार राधेश्याम शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही नेशनल हाईवे को गड्ढायुक्त कराया जाएगा। फोरलेन निर्माण के दौरान क्षेत्र में धूल की समस्या को ध्यान में रखते हुए दिन में दो बार पानी का छिड़काव कराया जाएगा। प्रशासन ने गड्ढायुक्त कार्य शुरू करने के लिए मौके पर जेसीबी और डंपर मंगवाकर तीव्र गति से कार्य होने का विश्वास दिलाया। उधर, क्षेत्रीय गन्ना पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह ने क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों पर शीघ्र तौल शुरू किए जाने का आश्वासन दिया। होशियार सिंह के संचालन में धरना-प्रदर्शन में रुपेंद्र सिंह, सुदर्शन सिंह, समर सिंह, निरंजन सिंह, सतेंद्र सिंह, रमेश राजपूत, मुनिदेव सिंह, गजेंद्र सिंह, ध्यान सिंह, कमर सिंह, नरपाल सिंह, मोहित सिंह, सुधीर, मारूफ, इकरार, समर सिंह, मो.शाकिर, ऋषिपाल सिंह, रोहित कुमार, जोगराज सिंह, विरेश कुमार, कामेंद्र सिंह, शैलेंद्र सहित अनेक किसान मौजूद रहे।