कम लागत में अधिक पैदावार के गुर बताए
रेहड़। रेहड़ में चार दिवसीय किसान पाठशाला का शुभारंभ सोमवार को किया गया। जिसमें पहले दिन कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन लेने के गुर बताए।
प्राथमिक विद्यालय प्रथम रेहड़ में दी मिलियन्स फार्मर्स स्कूल के अंतर्गत शुरू हुई पाठशाला में सहायक तकनीकी प्रबंधक बृज भूषण सिंह ने बताया कि किसान फसलों की बुवाई से पहले मिट्टी की जांच अवश्य कराएं। सदैव उन्नतशील बीजों का चयन करें। जहां तक संभव हो जैविक खाद का प्रयोग करें। परंपरागत तरीके से सिंचाई न करके बौछारी सिंचाई करें। इसमें पानी की खपत कम होती है। फसलों के अवशेष को जलाने के बजाय उन्हें गलाकर खाद के रूप में इस्तेमाल करें। सह फसली खेती से आय बढ़ाने का प्रयास करें। इस अवसर पर अंकुश, सुरेंद्र, इदरीश, अकबर, विपिन, मोहित आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता राजपाल सिंह, संचालन बृज भूषण सिंह ने किया।
वहीं कादराबाद के गांव घासीवाला में प्रदीप शर्मा के आवास पर ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में किसान पाठशाला का आयोजन हुआ। जिसमें किसानों को सरकार की कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर इफ्तिखार आरिफ, पुरुषोत्तम, मुख्तियार सिंह, मनोज शर्मा, कमरुद्दीन आदि मौजूद रहे।