जिले में छह विद्यार्थियों की एलएलबी तथा बीएड की संपूर्ण परीक्षा निरस्त
बिजनौर। एमजेपी रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने नकल के आरोप में 29 विद्यार्थियों की वर्ष 2021 की बीएड तथा एलएलबी की पूरी परीक्षा निरस्त कर दी है। इनमें छह विद्यार्थी जिले के डिग्री कॉलेजों से हैं। साथ ही जिले के तीन विद्यार्थी समेत 22 विद्यार्थियों को अर्थदंड के साथ दोषमुक्त किया गया है।
विश्वविद्यालय के मीडिया विभाग के तपन कुमार वर्मा के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2021 की व्यवसायिक परीक्षा सम/वार्षिक के कुल 54 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। अनुचित साधन निस्तारण समिति ने नियमों, साक्ष्यों एवं विशेषज्ञों की आख्या के उपरांत प्रकरणों में फैसले लिए हैं। नकल के आरोपी 29 विद्यार्थियों की वर्ष 2021 की संपूर्ण लिखित परीक्षा निरस्त की गई है। इनमें छह विद्यार्थी जिला बिजनौर के विभिन्न डिग्री कॉलेजों से हैं। बताया कि 22 विद्यार्थियों को 500-500 रुपये के अर्थदंड के साथ दोषमुक्त किया गया है। इनमें तीन विद्यार्थी बिजनौर जिले के है। विद्यार्थियों का परीक्षाफल संशोधन किया जा रहा है। तीन विद्यार्थी को नकल के आरोप से पूरी तरह दोषमुक्त किया गया है। इनमें बिजनौर का कोई विद्यार्थी नहीं है।