पुराना कालागढ़ में झंडाचौक को सड़क पर खड़े होकर निहारता हाथी। स्रोत विडियोग्रोव।
कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों में रहने वाले एक हाथी को पुराना कालागढ़ के झंडाचौक से कुछ खास लगाव सा हो गया है। आए दिन वह राज्य की सरहद को पार कर चौक पर आ धमकता है। हाथी के लगातार आबादी में आने से नागरिक भयभीत हैं।
बृहस्पतिवार की रात हाथी प्रशिक्षण केंद्र के परेड ग्राउंड से राज्य की उत्तरी सीमा की ओर से आता दिखाई दिया। झंडा चौक पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। हाथी चौक पर पहुंचा तो लोगों ने शोर मचाया। हाथी दुर्गा भवन की ओर जाकर वनों में चला गया। महबूब अहमद, मौ.आरिफ, हाजी रईस अहमद, शालू अग्रवाल, फय्याज अहमद अंसारी आदि का कहना है कि हाथी को आबादी में आने से रोकने के लिए वन विभाग को सीमा पर चाहरदीवारी या सोलर फैंसिंग लगानी चाहिए। जिससे वन्यजीवों से आबादी को खतरा न हो। वन दरोगा सुनील राजौरा का कहना है कि यह हाथी का रास्ता है। उससे दूरी बनाए। गश्ती दल भेजा जाएगा।