बिजनौर जिले के धामपुर में राज्य सहकारी समिति निर्वाचन आयोग लखनऊ ने सहकारी गन्ना विकास समिति में पिछले काफी समय से सभापति और उपसभापति के रिक्त चले आ रहे पदों को भरने के लिए चुनाव की घोषणा कर दी है। जनपद बिजनौर में धामपुर और नजीबाबाद में गन्ना समिति सभापति का चुनाव होना है। यह चुनाव घोषित कार्यक्रम के अनुरूप 20 दिसंबर को होगा। चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों ने रिक्त पदों को हथियाने के लिए अभी से जोड़तोड़ में जुट गए हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त की ओर से जारी आदेशों का हवाला देते हुए सहायक आयुक्त एवं जिला सहायक निबंधक सहकारिता बिजनौर ने नजीबाबाद और धामपुर के गन्ना विकास समितियों के सचिवों को निर्देश दिए है कि वे घोषित चुनाव कार्यक्रम के मद्देनजर तैयारी शुरू कर दें।
कार्यक्रम को गन्ना समितियों की दीवारों पर प्रचार प्रसार के लिए चस्पा कर दें। सहकारी गन्ना समिति धामपुर के प्रभारी विशेष सचिव महिपाल सिंह यादव ने बताया कि धामपुर में पिछले दिनों प्रदेश के राज्यमंत्री मूलचंद चौहान की पत्नी कमलेश देवी ने अपरिहार्य कारणों से गन्ना समिति के सभापति पद से त्याग पत्र दे दिया था। पिछले दो महीने से यह पद बगैर सभापति के खाली चला आ रहा है। अब इस पद पर चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित हो गया है। चुनाव की सारी प्रक्रिया 20 दिसंबर को पूर्ण होंगी।
20 दिसंबर को सुबह 8.30 से नौ बजे तक अनंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन होगा। इसी दिन नौ बजे से दस बजे तक इस सूची पर आपत्ति दाखिल होंगी। दस से 11 बजे तक मतदाता सूची पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण होगा। 11 से 11.30 बजे तक अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन कर दिया जाएगा। इसी दिन 11.30 से 12.30 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे। इसके बाद एक बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। एक बजे से दो बजे तक वैद्य नामांकन पत्रों का प्रदर्शन होगा। दो से ढाई बजे तक नामवापसी, ढाई से तीन बजे तक अंतिम नामांकन पत्रों का प्रदर्शन और चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। तीन से साढ़े चार बजे तक मतदान और साढ़े चार बजे के बाद मतगणना उपरांत परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी। चुनावी कार्यक्रम घोषित हो जाने के साथ ही सभापति पद को लेकर गहमागहमी शुरू हो गई। गन्ना समिति के डायरेक्टरों ने जोड़तोड़ शुरू कर दिया है।