बिजनौर के धामुपर में विलाप करते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर के शेरकोट में खुराड़ा में कच्ची शराब पीने से अधेड़ की मौत हो गई। ग्रामीण की मौत से गांव के लोगों का आबकारी विभाग और जिला प्रशासन के खिलाफ गुस्सा भड़क गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ग्रामीण की मौत जहरीली शराब पीने के कारण हुई है।
खुराड़ा निवासी अर्जुन ने बताया कि उसके 50 वर्षीय पिता राकेश सोमवार रात वह मुहल्ले के ही एक व्यक्ति से कच्ची शराब लाए थे। उसके पिता ने घर लाकर यह शराब पी। कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। काफी तड़पने पर जब उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, तो रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना से गुस्साए परिजनों और अन्य लोगों नेे मंगलवार को पुलिस और आबकारी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर कच्ची और जहरीली शराब की बिक्री हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विक्रेताओं पर कार्रवाई की बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। बताया कि ऐसी शराब की बिक्री रुकवाने के लिए कई बार पुलिस और प्रशासन को ज्ञापन तक दिए गए, लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। प्रदर्शनकारियों में नत्थू सिंह, क्रांति देवी, पवन कुमार, अर्जुन , लक्ष्मण, छोटे कुमार, सुनील, सोबित, मोनू , जितेंद्र, सुरेंद्र सहित अन्य शामिल रहे। उधर, थानाध्यक्ष देवपाल सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस से जांच कराई गई है। पाया है कि अधेड़ शराब पीने का आदी था। उसकी अधिक शराब के पीने से मौत हुई है। इसलिए पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। यदि नगर में कच्ची शराब की बिक्री हो रही है तो पुलिस पता कर ऐसे लोगो पर कार्रवाई करेगी। उधर, सीओ यशपाल सिंह का कहना है कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है।