नजीबाबाद। आनंद विहार टर्मिनल से कोटद्वार जा रही ट्रेन के चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ट्रेन के सहायक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को कोटद्वार स्टेशन तक पहुंचाया।
आनंद विहार टर्मिनल-कोटद्वार एक्सप्रेस 14089 नजीबाबाद स्टेशन से रात्रि 2:55 बजे कोटद्वार के लिए रवाना होती है। बृहस्पतिवार को ट्रेन नजीबाबाद स्टेशन से 3:15 पर रवाना हुई। स्नेह रोड स्टेशन के निकट एक्सप्रेस ट्रेन के चालक बाबूराम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ट्रेन के सहायक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए मोर्चा संभाला और ट्रेन को सुरक्षित कोटद्वार स्टेशन तक पहुंचाया। कोटद्वार पहुंचने पर चालक को प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
एक्सप्रेस ट्रेन का खाली रैक सुबह 5:00 बजे तक नजीबाबाद पहुंचना था। चालक की तबीयत में सुधार नहीं होने पर लक्सर से एक अन्य चालक को बुलाया गया, जिसके बाद ट्रेन नजीबाबाद के लिए रवाना हुई। करीब 11 बजे ट्रेन नजीबाबाद स्टेशन पर पहुंची।