किरतपुर में बारिश से गिरा निर्माणाधीन नाला। संवाद
किरतपुर। नगर पालिका द्वारा बनवाया गया एक करोड़ की लागत से लगभग सात सौ मीटर लंबा नाला जगह-जगह से टूट गया है। नाले में अभी तक बरसात का पानी भी नहीं छोड़ा गया था।
किरतपुर के मोहल्ला अफगानान में आबादी के पानी की निकासी के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा सात सौ मीटर लंबा नाला निर्माण किया गया है। नाला तैयार हुए तीन महीने ही बीते हैं। शुक्रवार को नवनिर्मित नाला जगह-जगह से टूट गया। इससे नाला निर्माण में मानकों की अनदेखी की पोल खुल गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। मोहल्ला चमारान, अफगानान और अहमद खेल के पानी की इस नाले के जरिए निकासी होनी थी। मोहल्ला अफगानान के सभासद पति इस्लाम राईन ने बताया कि मई माह के अंत में जब मामूली बारिश हुई, तब भी नाले का कुछ भाग टूट गया था।
सभासद पति का कहना है कि उन्होंने पालिका ईओ को मौखिक रूप से अवगत कराया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। किरतपुर पालिका के प्रभारी अवर अभियंता यशंवत ने बताया कि नाला अभी निर्माणाधीन है। नाले का जो हिस्सा गिरा है, उसे फिर बनाया जाएगा। यह ठेकेदार की जिम्मदारी है।