बिजनौर। नहटौर के सीकरी खुर्द की हिमालय वर्क्स के नाम से पटाखा फैक्टरी में रविवार की सुबह विस्फोट में चार श्रमिक घायल हुए। इसके बाद डीएम ने सभी पटाखा फैक्टरियों की जांच के आदेश दिए। इस पर जिले की सभी पटाखा फैक्टरी सोमवार को बंद रही। जिले में करीब 50 पटाखा फैक्टरी हैं। इनमें सोमवार को आतिशबाजी बनाने का काम भी ठप रहा। बताया गया कि पटाखा फैक्टरियों में तमाम मानक पूरे नहीं होते हैं। इतना ही नहीं इनमें काम करने वाले मजदूरों को भी सुरक्षा के लिहाज से प्रशिक्षित नहीं किया जाता है। साथ ही अन्य खामियां भी रहती है।
लाइसेंस किसी और का, चलाने वाल कोई और : जिले में कुछ फैक्टरी ऐसी हैं, जिसका लाइसेंस किसी और के नाम पर रहता है। जबकि साझेदारी की आड़ में आतिशबाजी का निर्माण कोई और कराता है। कुछ लाइसेंसधारियों ने अपने लाइसेंस को ठेके पर भी दे रखा है। टीनशेड में फैक्टरी : आतिशबाजी जिन जगहों पर बनाई जा रही है, कुछ फैक्टरी ऐसी हैं, जिनमें बिल्डिंग के नाम पर टीनशेड है। गर्मी होने पर टीनशेड में तापमान बढ़ जाता है।