मंडावर में बाहर जाने के लिए गाड़ी में रखा गुड़।
- फोटो : BIJNOR
खाड़ी देशों में बढ़ी जिले के गुड़ की डिमांड
बिजनौर। जनपद के कृषि खाद्य पदार्थों की स्थानीय ही नहीं खाड़ी देशों के बाजार में भी अच्छी मांग बढ़ रही है। मंडावर की मैं. हिंदुस्तान एग्रो लिमिटेड संस्था की ओर से खाड़ी देशों में जिलों से गुड़, सरसों का तेल, आम का निर्यात हो रहा है। बृहस्पतिवार को भी जनपद से गुड़ भेजा गया है।
अभी तक संस्था की ओर से 40 मीट्रिक टन गुड़, 37 हजार लीटर सरसों का तेल, गत सीजन में 10 मीट्रिक टन आम का निर्यात खाड़ी देशों को किया जा चुका है। 2021-22 में किए गए निर्यात का परिवहन अनुदान 88,827.00 रुपये कृषि विपणन एवं क़ृषि विदेश व्यापार, निदेशालय उत्तर प्रदेश ने उपलब्ध कराया है। वर्ष 2022 में किए गए निर्यात का परिवहन अनुदान शीघ्र प्राप्त हो जाएगा। संगठन निदेशक डॉ. सोबान ने बताया कि खाड़ी देशों से अतिरिक्त 250 मीट्रिक टन गुड़ एवं 10 मीट्रिक टन सरसों का तेल निर्यात करने का आर्डर प्राप्त हुआ है। डीएम उमेश मिश्रा ने जिले से कृषि उत्पादों का निर्यात करने पर संस्था को बधाई दी। कहा कि जिले में उत्पादित अन्य उत्पादों विशेषकर सब्जी, फूलों के साथ जैविक उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने की अपेक्षा की गई।
सीडीओ केपी सिंह ने कृषक उत्पादक संगठन मंडावर से कहा कि वह जनपद के अन्य कृषि उत्पादक संगठनों को भी कृषि उत्पादों के निर्यात करने की बारीकियां एवं तकनीक से अवगत कराएं, जिससे वह भी निर्यात के क्षेत्र में जनपद का नाम रोशन कर सकें। जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र ने बताया कि जैविक कृषि कार्यक्रम के तहत गांव बादशाहपुर में जैविक गुड़ बनाने के लिए इकाई की स्थापना की जा चुकी है। जैविक पद्धति से उगाए गए गन्ने से गुड़ बनाया जाएगा।