अस्पताल से हथकड़ी खोलकर बदमाश फरार
बिजनौर। जिला अस्पताल से शनिवार को शस्त्र अधिनियम में बंद बदमाश हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। पुलिस दो अन्य बदमाशों के साथ उसे भी कोरोना का परीक्षण कराने जिला अस्पताल लाई थी। बदमाश के फरार होने से हड़कंप मच गया। पुलिस की चार टीम फरार बदमाश को दबोचने के लिए लगाई गई हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लडापुरा निवासी इरशाद को पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ दबोचा था। उसका शस्त्र अधिनियम में चालान किया गया था। शनिवार को दिन में तीन बजे दो पुलिसकर्मी व दो होमगार्ड इरशाद व गांव जहानाबाद निवासी नागेंद्र व दारानगर गंज निवासी सीताराम के साथ कोरोना का टेस्ट कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। नागेंद्र का पुलिस ने अवैध तमंचे व सीताराम का अवैध शराब में चालान किया था। इरशाद जिला अस्पताल में अपनी पत्नी से बात करता हुआ हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। फरार इरशाद की पुलिस ने तलाश की पर उसका कोई पता नहीं चला। एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र , सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता , शहर कोतवाल राजेश सोलंकी जिला अस्पताल पहुंचे व फरार बदमाश के बारे में जानकारी ली। एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र के मुताबिक फरार बदमाश इरशाद की तलाश में पुलिस की चार टीम लगा दी गई है। बदमाश की खोज जारी है।