स्योहारा। सीजेएम कोर्ट ने ग्राम चकमहदूद सानी निवासी डॉ. जुनैद हवा की ओर से दायर केस पर तत्कालीन एएसपी पूर्वी डॉ. धर्म सिंह मार्छल, सीओ सर्वम सिंह सहित कुल 15 लोगों को 25 नवंबर को तलब किया है।
मामला छह अक्तूबर 2023 का है। मोहल्ला कस्बा स्योहारा निवासी इरफान पुत्र नसीम ग्राम चकमहदूद सानी स्थित डॉ. हसमुद्दीन और डॉ. परवेज की दुकान पर पहुंचकर झगड़ा करने लगा। इस दौरान डॉक्टरों ने इरफान को पकड़कर तमंचे सहित पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि अगले दिन इरफान के भाई मुस्तकीम की तहरीर पर पुलिस ने घटना को दूसरी जगह दर्शाते हुए डॉ. जुनैद पुत्र साजिद, डॉ. जुनैद हवा पुत्र डॉ. हसीन हवा और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
इसके बाद आठ अक्तूबर को पुलिस ने डॉ. जुनैद पुत्र साजिद को तमंचे सहित गिरफ्तार दिखाकर चालान कर दिया। इस पर डॉ. जुनैद हवा ने पुलिस पर फर्जी साक्ष्य बनाकर झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए सीजेएम बिजनौर कोर्ट में 27 अक्तूबर को केस दाखिल किया।
न्यायालय ने एएसपी पूर्वी, सीओ, थाना प्रभारी हमबीर सिंह, एसआई भारत सिंह, कृपाल सिंह, तनवीर अहमद, आरक्षी विवेक कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, डॉ. हसमुद्दीन, डॉ. परवेज, डॉ. गुलिस्ता परवीन, इरफान अहमद, मुस्तकीम अहमद और डायल 112 के आरक्षी सहित कुल 15 लोगों को 25 नवंबर को अदालत में पेश होने के आदेश दिए हैं। सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।