नगीना। कमरे में अंगीठी जलाकर सोना एक दंपती और उनके बेटे के लिए जानलेवा होते-होते रह गया। सांस लेने में दिक्कत होने पर तीनों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। हालांकि इलाज के बाद तीनों स्वस्थ हो गए।
पंजाबी कॉलोनी निवासी शलभ गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को पूरे दिन हुई वर्षा के चलते काफी ठंड बढ़ गई थी। रात्रि के समय दुकान बंद करके जब वह घर पहुंचे तो उन्होंने कमरे में अंगीठी जला ली। कमरे में उनके अलावा उनकी पत्नी सोनम गर्ग और 23 वर्षीय पुत्र पार्थ अंगीठी जलती छोड़कर सो गए। बताया कि रात्रि में करीब तीन बजे उन्हें सोते हुए सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई तो वह हड़बड़ा कर उठे और तुरंत ही पानी पिया, लेकिन फिर भी उन्हें सांस लेने में दिक्कत महसूस होने लगी। उन्होंने पत्नी को उठाया तो वह भी उठते ही बेहोश होकर नीचे गिर गई। मुंह के बल नीचे गिरने से चोट भी लगी।
बेटे पार्थ को उठाया गया तो वह भी बेसुध होने लगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने तभी चिकित्सक को फोन किया तथा इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंच गए।