तिरंगा दौड़ में शामिल हुआ शहर, लगाए देश भक्ति के नारे
नूरपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आरआर पब्लिक स्कूल के सौजन्य से तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हुई तिरंगा दौड़ का शुभारंभ संघ के सह विभाग कार्यवाहक प्रशांत महर्षि ने हरी झंडी दिखाकर किया।
सुबह सात बजे हुई दौड़ में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के अलावा युवा वर्ग व वरिष्ठ नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। तिरंगा दौड़ ब्लॉक कार्यालय से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक तिराहा, शिव मंदिर चौक होते हुए आरआर पब्लिक स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। दौड़ के बाद विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद हुए सीडीएस बिपिन रावत सहित सभी सैन्यकर्मियों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. मनुजेंद्र गुप्ता, प्रधानाचार्य प्रणय मनु गुप्ता ने टीकम सिंह, नवीन शर्मा, अभिषेक कुमार, राजेश चौहान, आकाश कुमार, प्रशांत कुमार, मनोज बंसल, कमलजीत सिंह नूर, शमीम राही को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। छात्रों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राजेंद्र सिंह, त्रिलोक चंद शर्मा, योगेंद्र पाल सिंह, जैनेंद्र सिंह, अरविंद अहलावत, पुष्पेंद्र शेखावत, हरभजन सिंह, चंचल कटारिया, कुसुमलता, रश्मि बंसल, अलका चौहान, निवेदिता, नेहा सैफी आदि मौजूद रहे।